झंझरी (गोंडा)। कोतवाली नगर क्षेत्र के गोंडा-लखनऊ मार्ग पर हारीपुर के पास रविवार देर रात बरात से घर लौट रहे युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में गंभीर रूप से जख्मी दोनों को मेडिकल काॅलेज लाया गया, वहां एक युवक को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के गोनवा गांव के अशोक कुमार वर्मा के मामा साधु निवासी पथवलिया कोतवाली नगर के बेटे की रविवार को तिवारी बाजार में शादी थी।
अशोक अपने गांव के संदीप कुमार उर्फ नानबच्चा के संग बाइक से तिवारी बाजार बरात गया था। वहां से दोनों देर रात लौट रहे थे।
गोंडा-लखनऊ मार्ग पर हारीपुर गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सक ने संदीप (30) को मृत घोषित कर दिया। जबकि अशोक (25) का इलाज चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि संदीप आगरा में किसी फैक्टरी में नौकरी करता था। कुछ दिनों पहले ही घर आया था। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि संदीप ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। इसलिए सिर में अधिक चोट लगने से उसकी मौत हुई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।