मुजेहना (गोंडा)। निमंत्रण से सोमवार देर रात लौट रहे युवक की बाइक कोहरे के कारण अनियंत्रित हो गई। वह धानेपुर थानाक्षेत्र के उज्जैनीकला गांव के पास सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह राहगीरों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बलरामपुर के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के भेलई पुरवा निवासी फूलचंद (22) सोमवार दोपहर करीब चार बजे बाइक से गोंडा के धानेपुर इलाके में किसी दोस्त के यहां आयोजित भोज में शामिल होने घर से निकला था।
देर रात लाैटते वक्त रेहरा बाजार की सीमा पर उज्जैनीकला गांव के पास पहुंचा था तभी कोहरे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी। इससे उसकी मौत हो गई।
मंगलवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे गड्ढे में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पास में उसकी बाइक भी पड़ी थी।
थानाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं लगाए था, जिससे सिर में अधिक चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।