परसपुर। डेहरास-गोंडा मार्ग पर धर्मनगर के पास सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। देहात कोतवाली क्षेत्र के श्रीपाल पुरवा लौवा टेपरा निवासी कृष्णदेव शुक्ल (28) बाइक से डेहरास होते हुए सुसुंडा जा रहे थे। धर्मनगर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल कृष्णदेव को पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी परसपुर भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि कृष्णदेव ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई है। पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। (संवाद)