फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: बिना रेलिंग के पुल से सूखी नहर में गिरी बाइक, युवक की मौत

Fri, 24 Apr 2026 11:33 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
महेश शुक्ल। फाइल फोटो
विज्ञापन
बालपुर/गोंडा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में पतिसा गांव के पास सरयू नहर पर बने पुल की टूटी रेलिंग ने एक युवक की जान ले ली। बृहस्पतिवार रात निमंत्रण से लौटते समय युवक की बाइक अनियंत्रित होकर पुल से सूखी नहर में गिर गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह हादसे की जानकारी होने पर गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन कर सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर की मांग करते हुए पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। छह घंटे बाद एसडीएम के समझाने पर लोग माने, तब शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
विज्ञापन


उमरी बेगमगंज थाना के शुक्लन पुरवा धमरैया निवासी महेश शुक्ल (35) बृहस्पतिवार शाम खरथरी के मंगराईच पुरवा अपनी ससुराल गए थे। रात करीब आठ बजे वह बाइक से पतिसा गांव निवासी अपने साथी रघुवंश तिवारी के बेटे के मुंडन संस्कार में गए थे। वहां से रात नौ बजे लौटते समय सरयू नहर पर पुल की रेलिंग टूटी होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। अंधेरा होने की वजह से किसी को हादसे की भनक नहीं लगी और महेश पूरी रात सूखी नहर में पड़े रहे। इससे उनकी मौत हो गई।
महेश के ससुर माता प्रसाद ने बताया कि दामाद जब देर रात तक घर नहीं लौटे तो सोचा कि वहीं निमंत्रण में रुक गए होंगे। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने नहर में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पास में ही बाइक भी पड़ी थी। सूचना पर ससुराल वालों के साथ ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और हादसे के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रदर्शन करके पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। परिजनों ने सरकारी नौकरी, मुआवजा और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।
विज्ञापन

मौके पर पहुंचीं एसडीएम नेहा मिश्रा के समझाने पर परिजन माने। तब शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मौके पर सिंचाई विभाग के अधिकारी भी आए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।

रेलिंग बनवाने की मांग कर रहे थे ग्रामीण
पतिसा गांव निवासी सुरेश शुक्ल व शैलेंद्र शुक्ल ने बताया कि तीन वर्ष पहले उन्होंने तत्कालीन डीएम व सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता को पत्र देकर सरयू नहर पुल पर रेलिंग बनवाने की मांग की थी। विभाग ने बजट का बहाना करके रेलिंग नहीं बनवाई। आखिरकार विभाग की लापरवाही से महेश शुक्ल की जान चली गई।
नहीं बनीं पुलिया की टूटी रेलिंग, विभाग को हादसों का इंतजार
जिला मुख्यालय के व्यस्ततम बहराइच रोड पर आनंद आश्रम के समीप पुलिया की रेलिंग पांच साल से टूटी है। इसके नीचे नाले की गहराई करीब 11 फीट है। ऐसे में अगर पुलिया से कोई वाहन नीचे गिरता है तो उस पर सवार लोगों की जान तक जा सकती है। इसी तरह गोंडा कचहरी रेलवे स्टेशन से महादेवा रेलवे क्राॅसिंग जाने वाले मार्ग पर भी पुल की रेलिंग 10 साल से टूटी है, लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
परिवार में मचा कोहराम
महेश चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई राम भुलावन, निरंकार व शेष कुमार हैं। पिता हरिशंकर का पांच वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। महेश की मौत से मां रामलली, पत्नी शशि शुक्ला व अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। उनके पांच साल का बेटा विष्णु है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें