खरगूपुर। गोपालबाग तिराहे पर रविवार देर रात कोहरे में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकराकर बाइक सवार रनियापुर रेहरवा निवासी गुलाबवीर (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। तिराहे पर पिकेट पर मौजूद सिपाहियों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई रामरंग ने बताया कि गुलाबवीर मुंबई में मजदूरी करते थे। उनकी ससुराल कपूरजाेत में सोमवार को तेरहवीं थी। उसी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले वह मुंबई से घर आए थे। रविवार को वह पत्नी क्रांति देवी व बेटी काव्या को लेकर भाईभोज पहुंचाने के लिए बाइक से गए थे। रात 10:30 बजे घर लौटते समय गोपालबाग तिराहे के पास खड़ी गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली घने कोहरे में दिख नहीं पाई। इससे गुलाबवीर की बाइक उससे टकरा गई।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण हादसा हुआ है। गुलाबवीर हेलमेट नहीं लगाए थे। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
गम में डूबे परिजन
गुलाबवीर तीन भाइयों में छोटे थे। बड़े रामरंग व मंझले रामगोपाल हैं। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद गुलाबवीर का शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। पिता निबरे, पत्नी क्रांति देवी और बेटी काव्या (8) का रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम गांव के खेत में पिता निबरे ने बेटे को मुखाग्नि दी।