बभनान (गोंडा)। मसकनवा-बभनान मार्ग पर शुक्रवार देर रात मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार दो युवक कुनगइया बाजार में खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
छपिया के करनपुर निवासी विमल मिश्र ने बताया कि उनके चचेरे भाई आलोक मिश्र (36) शनिवार रात गांव के ही विकास मिश्र के साथ बाइक से किसी परिचित के यहां मांगलिक कार्यक्रम में गए थे। देर रात लौटते समय कुनगइया बाजार में खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली से बाइक टकरा गई। आलोक हेलमेट लगाए थे। छपिया थाने के उपनिरीक्षक सुभाष यादव ने बताया कि दोनों घायलों को सीएचसी छपिया पहुंचाया गया। जहां आलोक मिश्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। विकास को गंभीर हालत में दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। (संवाद)