टिकरी/नवाबगंज/वजीरगंज (गोंडा)। वजीरगंज इलाके में ऊंटघाट पुल के पास सोमवार सुबह बाइक व कार में टक्कर हो गई। हादसे में बहनोई व बेटे के साथ बैजनाथ धाम के लिए ट्रेन पकड़ने जा रहे बस्ती जिले के परशुरामपुर अहिरावा निवासी बजरंग लाल पांडेय (50) की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उनके बहनोई कमलेश पांडेय निवासी जमौलिया, परशुरामपुर व बेटे अंकित को अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
खेती कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले बजरंग लाल पांडेय सोमवार सुबह आठ बजे मनकापुर से ट्रेन पकड़ने के लिए बहनोई कमलेश पांडेय व बेटे अंकित के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर निकले थे। मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर गौरिया गांव में ऊंटघाट पुल के पास सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इससे बजरंग लाल समेत तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने एबुलेंस की मदद से तीनों को नवाबगंज सीएचसी भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने बजरंग लाल को मृत घोषित कर दिया। उनके बहनोई व बेटे को मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया गया। वजीरगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि बाइक सवार तीनों लोग हेलमेट नहीं पहने थे। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर भाग गया। कार को कब्जे में लेकर चालक का पता लगाया जा रहा है।
पत्नी व बच्चों का रो-रोकर रहा बुरा हाल
पति बजरंग लाल की मौत की सूचना पर नवाबगंज सीएचसी पहुंचीं सुनीता देवी बेसुध हो गईं। परिजनों व रिश्तेदारों ने किसी तरह उन्हें संभाला। सुनीता के बड़े बेटे अंकित की हालत गंभीर बनी हुई है। मंझला बेटा हरिओम हाईस्कूल का छात्र है। छोटा बेटा हरिकृष्ण कक्षा नौ में पढ़ता है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल रहा है।