गोंडा। जिला अस्पताल परिसर से सोमवार को एक बाइक व छह साइकिलें चोरी हो गईं। जबकि सप्ताह भर में कुल सात बाइक व 13 साइकिलें चोरी हुईं हैं। सभी पीड़ित नगर कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं। कुछ ने तो चोरी की सीसीटीवी फुटेज तक पुलिस को दी मगर किसी भी मामले में पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की है।
उमरी बेगमगंज निवासी दुर्गेश कुमार चौहान सोमवार को जिला अस्पताल में इलाज कराने गए थे। जहां से उनकी बाइक चोरी हो गई। अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला कि दुर्गेश ने इमरजेंसी के सामने बाइक खड़ी करके जैसे ही अस्पताल के अंदर गए। दो बदमाश उनके पीछे चल दिए और तीसरे ने तुरंत लॉक खोला और बाइक चुराकर निकल गया। दुर्गेश का पीछा कर रहे बदमाश बाइक चुराने वाले अपने साथी के साथ मोबाइल पर संपर्क में थे।
इस वजह से उसने बेखौफ होकर बाइक उड़ा दी। यहां तक अस्पताल के गेट से निकलते समय पुलिस का वाहन चोर के पास ही रुका मगर वह जरा भी नहीं डरा और बाइक लेकर निकल गया। बाइक चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हुई है। दुर्गेश ने बताया कि वह तहरीर नगर कोतवाली गए मगर पुलिस ने लौटा दिया।
इसी तरह सुभागपुर निवासी छात्र राहुल, जानकीनगर निवासी पंकज, शहर के दीपक कुमार गुप्ता, उम्मेदजोत के गोबरे, सेमरा दम्मन के राजितराम सहित छह लोगों की साइकिलें सोमवार को जिला अस्पताल परिसर से चोरी हो गईं।
नगर कोतवाल का कहना है कि जिन मामलों में तहरीर मिलती है, उनमें जांच कर कार्रवाई की जाती है। जिला अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिला अस्पताल के प्रबंधक डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि परिसर से हर रोज बाइक व साइकिलें चोरी होनेे की शिकायत मिल रही है। पीड़ितों को नगर कोतवाली में रिपोर्ट लिखाने का सुझाव दिया जा रहा है। प्रबंधक डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि आज एक रजिस्टर बनवाया है, जिसमें चोरी की शिकायतें दर्ज कर नगर कोतवाली में सूचना दी जाएगी।