गोंडा। नवाबगंज के साकीपुर निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ कक्कू की हत्या शराब के नशे में आकर उसके साथी ने की थी। इसके बाद उसके पास से 8200 नकदी व बाइक लेकर भाग गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। आरोपी के कब्जे से 2000 नकदी, बाइक, बल्ली, कंटीला तार व खून लगे कपड़े बरामद किए हैं।
बता दें कि भूपेंद्र सिंह उर्फ कक्कू (32) 15 मार्च की देर शाम बाइक लेकर घर से रिश्तेदारी में गोकुला गांव गया था। दूसरे दिन 16 मार्च को उसका शव साकीपुर-गोकुला मार्ग पर गुजर पुरवा के पास सड़क किनारे मिला था। उसके चेहरे व गले पर जख्म थे। मोबाइल, बाइक व नकदी भी गायब थी। कक्कू के पिता पवन कुमार उर्फ सुल्तान सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि हत्या के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गईं थीं। पुलिस ने सोमवार को प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय की टीम ने गड़ेरियनपुरवा गोकुला निवासी विपिन सिह उर्फ सूर्य प्रताप सिंह को ढेमवाघाट सोहावल मार्ग पर एक ढाबे के सामने से गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी (पश्चिमी) के मुताबिक, विपिन ने पूछताछ में बताया कि 15 मार्च को भूपेंद्र घर से अपने दोस्त गोली सिंह के घर आया था। वहां से खाना खाकर बाइक से घर जा रहा था।
रास्ते में भूपेंद्र की उससे मुलाकात हो गई। वह भूपेंद्र को अपने घर ले गया, वहां दोनों ने शराब पी और मछली खाई। भूपेंद्र नशे में हो गया था। उसे छोड़ने जा रहा था।
इस दौरान रास्ते में विवाद हो गया। इस पर उसने बाइक रोक दी और खेत के किनारे लगे ब्लेड वाले कटीले तार से बंधी बल्ली तोड़कर उसे मारने लगा। वह चिल्लाया तो गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद 8200 रुपये निकालकर उसकी बाइक लेकर भाग निकला था।