गोंडा। जिले में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित होगी। दो पालियों में आयोजित परीक्षा में 2352 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि जिले में पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज, एलबीएस महाविद्यालय मुख्य परिसर और एलबीएस महाविद्यालय विज्ञान परिसर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, कूलर, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। वहीं परिवहन विभाग और अन्य संबंधित विभागों को भी आवश्यक सहयोग के लिए अलर्ट मोड में रखा गया है।
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश
-परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचें।
-प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र साथ लेकर आएं।
-परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित है।
-केंद्र पर प्रवेश से पूर्व तलाशी और सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें।
-ओएमआर शीट एवं प्रश्नपत्र पर दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।
-परीक्षा कक्ष में अनुशासन बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि से बचें।
-किसी समस्या की स्थिति में तत्काल कक्ष निरीक्षक या केंद्र व्यवस्थापक को सूचित करें।