फोटो-21-गोंडा के इटियाथोक ब्लॉक में एकत्र सफाई कर्मचारी। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। इटियाथोक के बीडीओ और सफाई कर्मी अब आमने-सामने आ गए हैं। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में सफाई कर्मियों ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष का कहना है कि मुख्य सचिव के बलरामपुर जाते समय सफाईकर्मियों की ड्यूटी सड़क के किनारे लगाई गई थी। पानी पीते समय बीडीओ पहुंचे और अपशब्द कहने लगे। इससे खफा सफाई कर्मियों ने बैठक कर आक्रोश जताया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह अपमान बर्दाश्त नहीं है।
सफाई कर्मचारियों ने कहा कि वह लोग कार्य कर रहे थे तभी खंड विकास अधिकारी इटियाथोक वहां पहुंचे पर कुछ कर्मचारी पानी पीते नजर आए। जिस पर खंड विकास अधिकारी नाराज हो गए। उन्होंने कर्मचारियों को अशब्द कहा। धमकाने के लहजे में कहा कि देखते हैं कौन नौकरी कराएगा। जब कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी से अपनी बात कहना चाहा, लेकिन उन्होंने डांट कर भगा दिया। प्रकरण पर जिला संगठन के जिला अध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में आज इटियाथोक के एकत्रित कर्मचारियों की सभा हुई। उसके बाद अतिरिक्त निरीक्षक कोतवाली इटियाथोक में पहुंचकर वार्ता किया। जिस पर अतिरिक्त निरीक्षक ने कहा कि आप सभी कर्मचारी हैं, परिवार का मामला है। जिस पर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराकर मामला खत्म कराया।
संगठन ने निर्णय लिया कि खंड विकास अधिकारी रूपनारायण भारती के विरूद्ध सोमवार को सफाई कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से भेंट करेगा। सभी अपनी बात बताएंगे, निष्पक्ष जांच करा कर कार्रवाई की मांग करेंगे। खंड विकास अधिकारी को इटियाथोक से दूसरे ब्लाक में स्थानांतरण की मांग करेंगे। इस मौके पर जिला महामंत्री शिवराम शुक्ला, पूर्व महामंत्री संतराम वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष विनय शुक्ला, महामंत्री विजय सोनकर, कोषाध्यक्ष नंद कुमार चौरसिया, मीडिया प्रभारी चंदन तिवारी, उमेश तिवारी, महेश्वरी नंदन आदि रहे। दूसरी ओर बीडीओ रूप नारायण भारती का कहना है कि कोई विवाद नहीं है। कुछ लोग मामले को तूल दे रहे हैं। (संवाद)