गोंडा। जिले में बैंकों का एनपीसीआई से अनुबंध खत्म हो गया। ऐसे में आधार का काम ठप हो गया। भीषण ठंड होने के बावजूद बच्चों को लेकर लोगों को मुख्यालय के आधार सेवा केंद्र आने को मजूबर होना पड़ रहा है। इतना ही नहीं जिले के अलावा बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच समेत जिलों से लोग मंडल मुख्यालय का चक्कर लगाने पर मजबूर हो रहे हैं।
सरकार की प्राथमिकताओं को देखते हुए जिलेभर के सभी 16 ब्लॉकों में सुविधा देने के लिए आधार किट दिया गया। इसके लिए शिक्षकों को नामित कर आधार बनाने समेत सुविधाएं दी जा रही है। मगर ज्यादातर केंद्र संचालित नहीं हो रहे हैं। इसी तरह से जिले के 16 बैंक शाखाओं में एनपीसीआई से अनुबंध करके आधार बनाए जा रहे थे। यूनियन बैंक को छोड़कर सभी 15 बैंकों का अनुबंध खत्म हो गया। बैंकों में आधार बनाने समेत कार्य ठप हो गए हैं। वहां से आमजनों को वापस होना पड़ रहा है। ऐसे में बाॅयोमीट्रिक, नया आधार बनवाने के लिए बैंक से डाकघर समेत ब्लॉकों का चक्कर काटने पर मजूबर हो गए हैं। रोजाना की तरह रविवार को छुट्टी व कड़ाके की ठंड होने के बावजूद भी बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच समेत जिले के लोग पहुंचने पर मजबूर रहे हैं। इस दौरान बच्चे भी कांपते नजर आए। आरोप लगाया कि आधार की अनिवार्यता के बावजूद बैंकों में सुविधाएं ठप कर दी गई। ऐसे में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
लीड बैंक प्रबंधक अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि अभी तक 16 बैंकों की शाखाओं में आधार बनाए जा रहे थे। मगर एनपीसीआई से उनका अनुबंध खत्म हो गया। इसके बाद 15 बैंक शाखाओं में आधार कार्य ठप हो गया है। हालांकि व्यवस्था जारी रहने के लिए आगे कुछ कहा नहीं जा सकता है।
बलरामपुर से बच्चों को लेकर आए
बलरामपुर के सादुल्लाहनगर से अंबेडकर चौराहा स्थित आधार सेवा केंद्र पहुंचे मंशाराम मौर्य ने बताया कि रेहरा बाजार में बैंक और डाकघरों का चक्कर लगाने के बाद 50 किलोमीटर दूरी तयकर मां के साथ गोंडा आए हैं। उन्होंने बताया कि मुंबई में पीओपी का काम करते हैं। आधार न होने से मुश्किलें हो रही हैं। ऐसे में नया आधार बनवाया है। इसी तरह से इमरतीविसेन निवासी उर्दू शिक्षक मुस्ताक इलाही ने बताया कि आवास विकास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा आधार अपडेट कराने गए थे। मगर अब वहां नहीं बन रहा है। इसी तरह से श्रावस्ती से पहुंचे ऑटो चालक साहबदीन ने बताया कि चौकापुर निवासी दनकू व उनके बच्चों का आधार बनवाने पहुंचे हैं।