धानेपुर के रामलीला मैदान परिसर में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते स्वामी समग्रदेव।संवाद
धानेपुर। गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत रविवार को आदर्श रामलीला परिसर में संगोष्ठी आयोजित की गई। पतंजलि योगपीठ के स्वामी समग्रदेव ने गोपूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि देश में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए प्रभावी केंद्रीय कानून बनाया जाना चाहिए और गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान मिलना चाहिए।
स्वामी समग्रदेव ने कहा कि अभियान के माध्यम से केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, राष्ट्रीय गोचारा नीति बनाने और कृषि, चिकित्सा व पर्यावरण के क्षेत्र में गो केंद्रित व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करने की मांग उठाई जा रही है। इन मांगों के समर्थन में जनजागरण, हस्ताक्षर और जनसहभागिता के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
अभियान के राज्य प्रभारी सनातन केसरी ने बताया कि अब तक 20 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर एकत्र किए जा चुके हैं। वर्तमान चरण में 51 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिये शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जनसमर्थन सरकार तक पहुंचाया जा रहा है।
इस दौरान अपूर्व तिवारी और आयोजक पवन कौशल ने भी विचार रखे और लोगों से हस्ताक्षर अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में नगर पंचायत प्रतिनिधि बृजभूषण वर्मा, सुरेश मोदनवाल, राधेश्याम वर्मा, विश्वनाथ गुप्त सहित अन्य लोग मौजूद रहे।