गोंडा। नकहा बसंत गांव निवासी सैन्यकर्मी विनीत पांडेय के पिता के हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए 1.50 लाख की रिश्वत लेने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। एसपी विनीत जायसवाल ने बालपुर चौकी प्रभारी उत्कर्ष पांडेय को निलंबित कर दिया है।
सैन्यकर्मी विनीत पांडेय ने एसपी से शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने बीते 13 जून को उनके पिता राजेश पांडेय पर हमला किया था। मामले में संतोष पांडेय, सचिन पांडेय, सत्यम पांडेय व पवन पांडेय के खिलाफ करनैलगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे की तफ्तीश कर रहे बालपुर चौकी प्रभारी उत्कर्ष पांडेय ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनसे 1.50 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने चौकी प्रभारी को रकम दे दी। इसके बावजूद वह गिरफ्तारी के लिए भरोसा दिलाते रहे, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की।
एसपी ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए चौकी प्रभारी को बीते 24 अक्तूबर काे लाइन हाजिर कर दिया था। मामले की जांच एएसपी (पश्चिमी) को सौंपी थी। एएसपी (पश्चिमी) ने बताया कि चौकी प्रभारी मुकदमे की तफ्तीश में लापरवाही के दोषी पाए गए हैं, लेकिन रिश्वत लेने के साक्ष्य नहीं मिले हैं। इस मामले में एसपी ने कार्रवाई करते हुए अलग से विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।