मोतीगंज थाना क्षेत्र के कस्टुआ गांव के मजरा भटकहवा में शनिवार शाम निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से वहां खेल रहीं दो सगी बहनें मलबे में दब गईं। इसमें बड़ी बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के कस्टुआ गांव के मजरा भटकहवा के रहने वाले छांगुर की दो बेटियां रागिनी (6) व छोटी (3) शाम को घर के पास ही सड़क किनारे खेल रही थीं।
तभी वहां निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक गिर गया, जिससे दोनों बहनें मलबे में दब गईं। छज्जा गिरने पर परिवारीजनों के साथ ही आसपास के लोग दोनों को बचाने दौड़े, मगर तब तक रागिनी की मौत हो गई, जबकि छोटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मोतीगंज थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है।