गोंडा। जम्मू संभाग के रियासी जिले में श्रद्धालुओं पर आतंकी हमले के विरोध में बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद का पुतला फूंका। अवध प्रांत के विभाग संयोजक शारदाकांत पांडेय की अगुवाई में अंबेडकर चौराहे पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने इकट्ठा होकर आतंकवाद व पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की।
विभाग संयोजक शारदाकांत पांडेय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद एक बार शांति की उम्मीद जगी थी, लेकिन जेहादियों ने फिर से कायराना हरकत शुरू कर दी। ऐसे आतंकी संगठनों को आश्रय देने वालों को फांसी की सजा दी जाए। बजरंग दल ने हमले में मारे गए श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। इस अवसर पर आकाश सागर, भोलानाथ सोनी, सर्वजीत सिंह, विनोद ओझा, राजदेव शुक्ल, राजेश शुक्ल, राजू मौर्य, संतोष कश्यप आदि रहे।