संवाद न्यूज एजेंसी
पसका। परसपुर के बनुवा में चल रही बनुवा प्रीमियर लीग (बीपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को दो मैच खेले गए। मैचों में स्कोर तो कम रहा, लेकिन दर्शकों ने रोमांच से भरपूर मैच का आनंद लिया।
टूर्नामेंट कमेटी के अध्यक्ष आशू सिंह सरकार ने बताया कि मैच की शुरुआत सीओ उमेश्वर प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके की।
पहला मैच बाबामठ टाइगर और अट्ठइसा लायंस के बीच खेला गया। बाबामठ के कप्तान अनुज शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। अट्ठइसा लायंस ने अमृतांश के 45 और आदित्य के 20 रनों की बदौलत निर्धारित 10 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 80 रन बनाए। बाबामठ की ओर से अखंड और गप्पू नेतीन-तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाबामठ की टीम ने भूपेंद्र और गप्पू के 30-30 रनों की मदद से छह ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाकर सात विकेट से मैच जीत लिया। पहले मुकाबले में गप्पू को हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला अमदही और गोंडा के बीच खेला गया। अमदही के कप्तान प्रिंस सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। गोंडा टीम ने चंदन के 20 और सौरभ के 19 रनों की मदद से निर्धारित 10 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 70 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अमदही की टीम ने ताजुद्दीन की 35 रनों की ताबड़तोड़ पारी के सहारे 8.5 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 71 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
गोंडा के हिमांशु और अमदही के अक्षत ने चार-चार विकेट झटके। दूसरे मुकाबले में ताजुद्दीन को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच के दौरान अभिषेक, विकास, संगम सहित कई क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।