बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में एडीएम प्रदीप कुमार को ज्ञापन सौंपते भीम आर्मी/आजाद समाज पार्टी के पद
बलरामपुर। जातिगत जनगणना, एससी-एसटी व ओबीसी वर्ग को आबादी के हिसाब से आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। तहसील से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए कार्यकर्ताओं ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रदीप कुमार को सौंपा।
जिला संयोजक लंकेश लालजी लहरी व जिलाध्यक्ष विनोद सोनकर के नेतृत्व में भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता सदर तहसील पर एकत्रित हुए। यहां से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला संयोजक ने कहा कि देश में ओबीसी की आबादी करीब 55 फीसदी है। इसके बावजूद मात्र 27 फीसदी ही आरक्षण दिया जा रहा है।
सही ढंग से आरक्षण लागू न होने के कारण तेली, कुम्हार, पाल, नाई, कंहार, कश्यप, राजभर, तमोली, केवट व लोनिया आदि अति पिछड़ी जातियों के साथ न्याय नहीं हो पा रहा है।
मांग किया कि एससी-एसटी व ओबीसी वर्ग को आबादी के हिसाब से आरक्षण दिया जाए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आजमगढ़ में एयरपोर्ट व अयोध्या में विकास के नाम पर ओबीसी व एससी-एसटी वर्ग के लोगों की पट्टे की जमीन अधिग्रहीत की जा रही है। उन्हें उतनी ही जमीन अन्य स्थान पर उपलब्ध कराई जाए। इस मौके पर राकेश चौहान, पप्पू चौधरी, प्रभूदयाल, राज नायक वर्मा व दद्दन यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।