गोंडा। परिवहन विभाग की ओर से शनिवार को 31 वें सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ हुआ। पहले दिन महिला बाइकर्स की अगुवाई में बाइकोत्थान रैली निकाली गई। शहर के वेंकटाचार्य क्लब से एडीएम राकेश कुमार और एएसपी महेन्द्र कुमार ने जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाई।
जागरुकता रैली पर मौसम का असर देखने को मिला, जिसके चलते रैली में केवल करीब सवा बाइक सवार ही जागरुकता रैली में शामिल हुए। इस अभियान में एक सप्ताह तक लगातार जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित होंगे और कार्यशाला का भी आयोजन होगा।
एडीएम राकेश कुुमार ने बताया कि लोगों में सड़क सुरक्षा और यातायात के नियमों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब लोग स्वयं जागरुक होंगे तभी सड़क हादसों को रोका जा सकेगा। एएसपी महेन्द्र कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग के साथ ही पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा और यातायात की दिशा में सकारात्मक प्रयास किये जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सभी थानों पर चेकिंग के साथ ही लोगों को जागरुक करने के लिए कोशिश की जा रही है। रैली के आयोजन में एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार मौर्य के साथ संभागीय निरीक्षक संजय कुमार, अनिल देव शर्मा, राहुल कुमार आदि ने सहयोग किया।