मनकापुर/मसकनवा (गोंडा)। सिद्धार्थनगर से एसयूवी चुराकर भाग रहे बदमाश ने शुक्रवार देर रात मनकापुर के कटी तिराहे पर घेराबंदी करने पर पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। जगह-जगह पुलिस के बैरियर तोड़े। इतना ही नहीं, पीछा कर रहे एक हेड कॉन्स्टेबल के सिर पर रिवाॅल्वर के बट से हमला कर भाग गया। देररात एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली।
सिद्धार्थनगर के कठेला सम्मयमाता झाकहियां गांव निवासी इसरार अहमद जिला पंचायत सदस्य के साथ ही बड़े कारोबारी व ठेकेदार हैं। शुक्रवार शाम चार बजे वह इटवा ब्लॉक के सामने अपनी एसयूवी खड़ी कर नमाज पढ़ने गए थे। तभी एसयूवी चोरी हो गई। इसरार का मोबाइल फोन व लाइसेंसी रिवाॅल्वर भी एसयूवी में रखा था। पुलिस कंट्रोल रूम में एसयूवी चोरी की सूचना दी गई। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी की। बदमाश के गोंडा की तरफ भागने की सूचना पर खोड़ारे, छपिया व मनकापुर पुलिस को सक्रिय किया गया।
रात करीब 12:05 बजे मनकापुर थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश सिंह, उपनिरीक्षक पिंटू कुमार यादव, योगेश कुमार यादव, मुख्य आरक्षी रवीश कुमार, सुरेश कुमार गुप्ता, आरक्षी दुर्गेश कुमार चौधरी व रवि सिंह ने कटी तिराहे पर रेलवे क्रॉसिंग का बैरियर बंद कराकर एसयूवी रुकवाने का प्रयास किया। इस पर बदमाश ने पुलिसकर्मियों को एसयूवी से कुचलने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने गड्ढों में कूदकर जान बचाई। इसके बाद बदमाश बलरामपुर की तरफ भाग निकला।
पुलिस ने दतौली चौकी की पुलिस को सक्रिय किया तो उपनिरीक्षक राम विनय राय, मुख्य आरक्षी राकेश कुमार कनौजिया व आरक्षी उमेश यादव ने कुड़ासन बाजार में धानेपुर तिराहे पर एसयूवी रुकवाने की कोशिश की। मगर बदमाश बैरियर तोड़कर एसयूवी लेकर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने रास्ते से हटकर जान बचाई। एक बैरियर एसयूवी में फंस गया। कुछ दूर जाने के बाद विसुही नदी पुल के पास बदमाश एसयूवी खड़ी करके झाड़ियों में कूद गया।
एसयूवी का पीछा कर रहे हेड कॉन्स्टेबल रवीश कुमार ने झड़ियों में भागे बदमाश को करीब 200 मीटर तक दौड़ाया। मगर बदमाश रिवॉल्वर के बट से हेड कॉन्स्टेबल के सिर पर हमला कर भाग गया।
मनकापुर इंस्पेक्टर मनोज पाठक ने बताया कि घायल हेड कॉन्स्टेबल रवीश कुमार का सीएचसी में उपचार कराया गया। एसयूवी बरामद करके अज्ञात बदमाश के खिलाफ जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ठेला व सीढ़ी लगा एसयूवी रोकने का किया प्रयास
सिद्धार्थनगर से एसयूवी चुराकर गाेंडा की तरफ आ रहे बदमाश को पकड़ने के लिए मसकनवा चौकी की पुलिस ने सड़क पर ठेला खड़ा करा दिया।उसमें सीढ़ी भी फंसा दी। मगर बदमाश इस कदर तेज रफ्तार में एसयूवी चला रहा था कि ये उपाय काम नहीं आए। एसयूवी सवार बदमाश को दबोचने में खोड़ारे व छपिया पुलिस पूरी तरह असफल रही। जगह-जगह पुलिसकर्मी खुद ही जान बचाते नजर आए।
धरपकड़ के लिए टीमें गठित
एक बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस फोर्स हलकान रही। जगह-जगह बैरियर तोड़ने व कुचलने के प्रयास से पुलिसकर्मी खुद दहशत में आ गए थे। गनीमत रही कि बैरियर का फ्रेम एसयूवी में फंस गया। वरना, गाड़ी भी बरामद नहीं हो पाती। अधिकारियों ने बदमाश की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की हैं। रिवाॅल्वर की बरामदगी का प्रयास भी किया जा रहा है।