गोंडा। कुसमी गांव में शनिवार दोपहर एक सिरफिरा युवक गांव की एक किशोरी के घर में घुस आया। युवक ने सबसे पहले किशोरी पर केरोसिन डालकर जलाने का प्रयास किया। मगर लाइटर नहीं जला तो युवक ने किशोरी पर चाकू से कई वार किए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी ले जाया गया। जहां से नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में किशोरी के पिता ने थाना छपिया में आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना छपिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुसमी के रहने वाले राजेश तिवारी ने बताया कि उनकी छपिया बाजार में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है। राजेश के मुताबिक उनके छोटे भाई राकेश तिवारी की बेटी शिवानी (16) क्षेत्र के कॉलेज में इंटर की छात्रा है। शनिवार को लॉकडाउन के कारण परिवार के सभी लोग घर पर थे। दोपहर बाद वह अपने छोटे भाई राकेश के साथ बाजार चले गए।
घर पर राकेश की बेटी शिवानी अपनी चचेरी बड़ी बहन शिवांगी और घर के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी उनके गांव का ही रहने वाला युवक विशाल यादव उनके घर पर पहुंचा और शिवानी पर केरोसिन डाल दिया। जब तक वह कुछ समझ पाती उससे पहले ही युवक ने लाइटर निकाला और उसे जलाने का प्रयास किया।
मगर लाइटर नहीं जला तो विशाल ने चाकू से शिवानी पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्चों का शोर सुनकर शिवानी का भाई शिवम तिवारी दौड़ा तो आरोपी युवक भाग निकला। शिवानी को सीएचसी लाया गया।
जहां से नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में शिवानी के पिता राकेश तिवारी ने थाना छपिया में विशाल यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष छपिया राकेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी विशाल यादव की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।