गोंडा। तरबगंज थाना क्षेत्र के रामपुर टेंगरहा गांव में भूमि विवाद को लेकर कुछ दबंगों ने एक दलित परिवार के घर पर धावा बोल दिया। परिवार के लोगों से मारपीट की और एक महिला की आंख में मिर्च पाउडर झोंक दिया। पीड़ित महिला परिवार वालों संग शिकायत लेकर थाने गई तो उसकी रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई।
थाने से निराश पीड़ित परिवार ने बृहस्पतिवार को अपर पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। तरबगंज थाना क्षेत्र के रामपुर टेंगरहा पूरे विंध्याचल पुरवा गांव निवासी जुगुनू के मुताबिक, उसकी पैतृक भूमि के कुछ हिस्से पर गांव के ही एक परिवार के लोगों ने कब्जा कर रखा है। राजस्व लेखपाल की तरफ से जमीन की पैमाइश की जा चुकी है और कब्जा हटाने के निर्देश भी दिए जा चुके हैं। मगर दबंग कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। जुगनू का कहना है कि खाली बची जमीन पर वह अपने परिवार समेत रहता है। जब उसकी पत्नी खाना बना रही थी तभी आरोपियों ने उसके घर पर धावा बोल दिया और उसकी पत्नी को जमकर पीटा। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर जब वह मौके पर पहुंचा और उसे बचाने दौड़ा तो आरोपियों ने उसकी पत्नी की आंख में लालमिर्च पाउडर झोंक दिया और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
जुगनू के मुताबिक, दो दिन पहले भी आरोपियों ने उसे व उसके परिवार वालों को मारा-पीटा था। जब शिकायत लेकर वह थाने पर भी गया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जुगनू ने अपर पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एएसपी शिवराज ने बताया कि मामले की जांच सीओ तरबगंज संसार सिंह राठी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।