गोंडा। मनकापुर के सिसवां में अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए देवीपाटन मंडल मुख्यालय समेत चारों जिलों में कराई जाएगी। इस दौरान कक्षा छह और नौ में प्रवेश के लिए 280 सीटों के सापेक्ष 606 आवेदन मिले हैं। कमिश्नरने सभी जिलाधिकारियों को परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से परीक्षा कराई जाएगी।
अटल आवासीय विद्यालय प्रधानाचार्य हकीमुल्लाह सिद्दीकी ने बताया कि मंडल मुख्यालय पर फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज के अलावा बलरामपुर के एमपीपी इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया। इसके अलावा बहराइच के महराज इंटर कॉलेज व श्रावस्ती अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा परीक्षा केंद्र पर देवीपाटन मंडल के विद्यार्थी अटल आवासीय चयन परीक्षा देंगे। कक्षा छह में प्रवेश के लिए 140 सीटों के सापेक्ष 379 आवेदन आए हैं। कक्षा नौ में 140 सीटों के सापेक्ष 227 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। रविवार को सुबह 11 से 1:30 बजे के बीच परीक्षा कराई जाएगी।
फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज कक्षा नौ के 94 और छठवीं के 181 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अटल आवासीय विद्यालय का यह दूसरा सत्र होगा। शुरुआती सत्र 80 विद्यार्थी कक्षा छह की पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं इस बार कक्षा छह व नौ की कुल 280 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। ऐसे में मंडलस्तरीय विद्यालय में 360 निर्माण श्रमिकों के बच्चे पढ़ाई करेंगे। उन्होंने बताया कि देवीपाटन मंडलायुक्त योगेश्वरराम मिश्र के निर्देश पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया गया है।
नौवीं से अंग्रेजी माध्यम की होगी सुविधा
प्रधानाचार्य ने बताया कि कक्षा छह में विद्यार्थी हिंदी माध्यम से पढ़ाई करेंगे। नौवीं से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई की सुविधा होगी। कुल मिलाकर 606 विद्यार्थी शामिल होंगे। विद्यालय में रहने के साथ ही प्रदेश स्तरीय उत्तम पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। चयन प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों को कोई असुविधा न हो। इसके लिए जिले स्तर पर केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
100-100 अंक का होगा प्रश्न पत्र
प्रधानाचार्य ने बताया कि कक्षा छह और नौंवीं में 100-100 अंक का प्रश्न पत्र होगा। इसमें मानसिक योग्यता के 40, भाषा और गणित के 20-20 प्रश्न होंगे। कुल 80 प्रश्न 100 अंक के होंगे। नौंवी में हिंदी और अंग्रेजी के 15-15 अंक और 35-35 अंक के गणित और विज्ञान से प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
चयन परीक्षा के लिए किए गए जरूरी इंतजाम
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए कक्ष निरीक्षकों के साथ ही जरूरी इंतजाम किए गए हैं।