प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूलों में तैनात सहायक अध्यापकों को कई माह से वेतन भुगतान नहीं किया गया है। इससे शिक्षकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए को मांगपत्र सौंपकर शीघ्र वेतन भुगतान कराने की मांग की है। तत्काल वेतन भुगतान न होने पर संघ ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ज्ञानसागर पाठक व मंत्री अवधेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिक्षकों के दल ने शनिवार को बीएसए से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा।
इसमें कहा गया है कि प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान व गणित के सहायक अध्यापकों की तैनाती होने के कई माह बाद भी वेतन भुगतान नहीं हो सका है। इससे शिक्षकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वेतन भुगतान में देरी के चलते शिक्षकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। तत्काल वेतन भुगतान न होने पर शिक्षकों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
बीएसए जय सिंह ने बताया कि दो सत्यापन पर शिक्षकों का वेतन भुगतान किया जा रहा है। सत्यापन रिपोर्ट जैसे-जैसे मिल रही है उनका तत्काल भुगतान कराने के लिए वित्त एवं लेखाधिकारी व संबंधित खंड शिक्षाधिकारी को निर्देश दिया गया है। इस दौरान संयुक्त मंत्री शिवकुमार सोनी सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे।