गोंडा। सहायक चीनी आयुक्त ने अधीनस्थ अधिकारियों व गन्ना निरीक्षकों की टीम के साथ मैैजापुर और बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड कुंदरखी पर छापा मारा।
सहायक चीनी आयुक्त संजय कुमार पांडेय ने शनिवार को खांडसारी अधिकारी राजेश उपाध्याय व खांडसारी निरीक्षक यूएन सिंह के साथ मैजापुर चीनी मिल में छापा मारा। टीम ने कंप्यूटर खंड में मिल गेट को बंद करा दिया और कांटा गन्ना ट्रॉली व बैलगाड़ी पर लोड गन्ने को कांटा नंबर एक, दो, तीन व चार पर तौल कराई।
इससे पहले गन्ना लदे वाहनों की गई तौल की पुन: जांच करने पर सही पाई गई। यार्ड व कृषक विश्रामालय में साफ-सफाई मिली और पीने के पानी की व्यवस्था से सहायक चीनी आयुक्त संतुष्ट दिखे।
जांच टीम मिल में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। इससे पहले शुक्रवार की देर शाम सहायक चीनी आयुक्त ने बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड कुंदरखी में छापा मारा। यहां खांडसारी अधिकारी राजेश उपाध्याय एवं खांडसारी निरीक्षक उज्जवल सिंह ने मिलगेट के कांटों पर मानक बाट रखवाकर तौल जांच की तो सही पाई गई।
टीम ने मौजूद किसानों से उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। जांच टीम ने मौके पर मौजूद चीनी मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) योगेन्द्र सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (गन्ना) अरूण सिंह एवं अपर प्रबंधक (गन्ना) शशिकांत दूबे को निर्देश दिया कि चीनी मिल में शीत लहर को देखते हुए चिन्हित स्थानों पर अलाव जलवाया जाये। इस दौरान सुरक्षा सुपरवाइजर नन्दलाल तिवारी, फीडिंग सुपरवाइजर शिव भूषण सिंह, अजीत प्रताप सिंह, राम किशोर सिंह आदि मौजूद रहे।