गोंडा। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो का विरोध करने पर पिटाई और पर्स छीनने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया क्रिएटर काजल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के दत्तनगर निवासी रामकुमार गौतम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह पहले काजल सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट के संचालन में सहयोग करते थे। आरोप है कि 14 नवंबर की शाम करीब छह बजे गांधी पार्क में मुलाकात के दौरान उन्होंने पूर्व सांसद के खिलाफ एक महिला क्रिएटर का नाम जोड़कर लगाए गए कथित आरोपों से जुड़े वीडियो का विरोध किया और उसे इंस्टाग्राम से हटाने को कहा।
आरोप है कि इस बात पर काजल सिंह ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें थप्पड़ मारा और जेब में रखा पर्स छीन लिया। पर्स में पांच हजार रुपये रखे थे। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू करा दी गई है।