पसका (गोंडा)। परसपुर के मरचौर पुरबिहन पुरवा निवासी नीरज मिश्र उर्फ राजन की दो वर्षीय बेटी मान्या उर्फ सुहानी रविवार को घर के बाहर खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में गिर गई। कुछ देर बाद परिजन मान्या को तलाशने लगे तो गड्ढे में उसका शव उतराता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की है।
नीरज मिश्र पनीपत में प्राइवेट नौकरी करते हैं। पत्नी सुमन, बेटी निशानी (05) व मान्या (02) और अन्य परिजनों संग गांव में रहती हैं। रविवार दोपहर 12:30 बजे मान्या खाना खाने के बाद घर के बाहर खेलने चली गई। परिजनों के मुताबिक, खेलते-खेलते मान्या बगल की गली में चली गई। वहां पानी से भरे गड्ढे में गिरने से वह डूब गई। परिजन तलाशने निकले तो मान्या का कुछ पता नहीं चला। थोड़ी देर बाद गड्ढे में मान्या का शव उतराता दिखा तो परिजनों में कोहराम मच गया। इंस्पेक्टर तेज प्रताप सिंह ने बताया कि मौका मुआयना किया गया है। छानबीन की जा रही है।