गोंडा। परिवहन विभाग में कुछ दिन पूर्व एक कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाया गया था। जिसके चलते लाइसेंस को छोड़कर बाकि के सभी काम पूरी तरह से ठप पड़े हुए हैं। हाल ये हैं कि कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते अफसर भी आने से कतरा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जो कर्मचारी ऑनलाइन सभी प्रकार की डाटा इंट्री करता था, उसी के कोरोना संक्रमित हो जाने के बाद से कई सारे काम फंसे पड़े हैं। जिससे लोगों को रोजाना कार्यालय की दौड़ लगानी पड़ा रही है।
बताया जा रहा है कि कोरोना संक्रमित कर्मचारी के संपर्क में आने वाले सभी कर्मचारी क्वारंटीन हैं।
उनमें से कुछ की तो तबीयत भी बिगड़ गयी है। ऐसे में परिवहन मुख्यालय की ओर से मांगी गई सूचनाओं को भी भेजने में काफी परेशानी हो रही है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन संजीव कुमार सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की कमी कार्यालय में पहले से ही थी उस पर कोरोना संक्रमित हो जाने से प्रमुख पटल का काम प्रभावित हो रहा है। कोशिश ये की जा रही है कि किसी का कोई काम न रुके। सभी को निर्देश दिया गया है कि अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए सभी पटल पर कार्यों का निस्तारण किया जाये।
कुछ अफसर तो आते ही नहीं
देवीपाटन संभागीय परिवहन कार्यालय का मुख्यालय होने के बावजूद यहां पर लापरवाही के चलते पूरी प्रशासनिक व्यवस्था चरमराई हुई है। बताया जा रहा है कि अधिकांश समय संभाग के प्रमुख अफसर मुख्यालय ये गायब रहते हैं। इसके चलते कई मामले भी प्रभावित होते हैं।