गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र में मनकापुर मार्ग पर सिरसा गांव के समीप बीते 20 जुलाई को हत्या करके फेंके गए युवक के शव की शिनाख्त उसकी पत्नी ने पोस्टर के जरिए की है। पत्नी ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। जिसमें मुख्य आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध के चलते पति की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ के साथ ही दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बलरामपुर के उतरौला क्षेत्र के सावटडीह पुरैना वाजिद की रहने वाली अख्तरुननिशा ने शव की शिनाख्त अपने हिस्ट्रीशीटर पति अख्तर अली के रूप में की। अख्तरुननिशा ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि पति अख्तर अली की वजीरगंज थाना क्षेत्र के पकड़िहवा धनेशर निवासी उदयभान से दोस्ती थी। बताया कि अख्तर का उदयभान के घर पर आना-जाना था। उदयभान की पत्नी से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी जब उदयभान को हुई तो उसने अपने साथी के साथ मिलकर अख्तर की हत्या की साजिश रची। अख्तरुननिशा के मुताबिक 17 जुलाई को उदयभान का साथी उनके घर आया था। रात में रुकने के बाद दूसरे दिन 18 जुलाई को अख्तर को यह कहकर अपने साथ ले गया कि उदयभान ने बुलाया है। देर शाम जब अख्तर घर नहीं लौटे तो उसने उदयभान के साथी को फोन किया। तब उसने बताया कि वह उदयभान के साथ कहीं गए हैं। 19 जुलाई को जब फोन लगाया तो उदयभान और उसके साथी के नंबर बंद मिले। अख्तरुननिशा ने बताया कि उदयभान ने अपने साथी के साथ मिलकर उसके पति की हत्या कर शव को सिरसा गांव के समीप फेंक दिया था।
प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि मृतक अख्तर अली कोतवाली उतराैला का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ 20 मुकदमे दर्ज थे। अख्तर की हत्या के आरोपी उदयभान को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने चार जिलों में लगवाए थे पोस्टर
युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी शिनाख्त के लिए डीसीआरबी के माध्यम से परिक्षेत्र के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती जिले के विभिन्न कस्बों में पोस्टर चस्पा कराए थे। उतरौला कस्बे में चस्पा पोस्टर में पति की फोटो देखकर अख्तरुननिशा ने नवाबगंज थाने पहुंचकर शिनाख्त की है।