मां पाटेश्वरी देवी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज। -संवाद
गोंडा। तकनीकी शिक्षा के बदलते दौर में अब मां पाटेश्वरी देवी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज भी ‘फ्यूचर टेक’ की दिशा में कदम बढ़ाने जा रहा है। कॉलेज प्रशासन ने पारंपरिक इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों के साथ-साथ आधुनिक और उद्योग आधारित कोर्स शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है, जिससे यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जा सके।
कॉलेज में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एंड मशीन लर्निंग (एआईएमएल), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), वीएलएसआई डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल से जुड़े कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। अनुमति मिलते ही इन कोर्सों की पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी।
कॉलेज के निदेशक भारतेंदुनाथ मिश्र ने बताया कि वर्तमान में संस्थान में कंप्यूटर साइंस, सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग जैसे पारंपरिक कोर्स संचालित हैं। मगर तेजी से बदलती तकनीकी जरूरतों को देखते हुए अब इन कोर्सों की कुछ सीटें कम करके न्यू एज कोर्स में परिवर्तित करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि आज के दौर में इंडस्ट्री को ऐसे इंजीनियरों की जरूरत है, जो नई तकनीकों जैसे एआई, ऑटोमेशन, चिप डिजाइन और स्मार्ट सिस्टम्स में दक्ष हों। इसी को ध्यान में रखते हुए कॉलेज में ऐसे पाठ्यक्रम लाने की पहल की जा रही है, ताकि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी जॉब-रेडी बन सकें।
नए कोर्स शुरू होने से छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ बेहतर प्लेसमेंट के अवसर भी मिलेंगे। साथ ही, स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा उपलब्ध होने से अन्य शहरों की ओर पलायन भी कम होगा। निदेशक ने कहा कि इन कोर्सों के शुरू होने से न सिर्फ छात्रों का भविष्य मजबूत होगा, बल्कि जिले को भी तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।