गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र राजा मोहल्ला की रहने वाली स्वालिहा जीनत को मां की मौत के बाद पिता और भाईयों ने दुलार से पाला था। तीन भाइयों में इकलौती थी। उसकी मौत से पूरा परिवार बहुत दुखी है। जीनत के पति व जेठ की गिरफ्तारी से जख्मों पर थोड़ मरहम लगा है। सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
जीनत अपने पति इंजीनियर कय्यूम के संग बाराबंकी जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के मयूर विहार कॉलोनी में किराये के मकान में रहती थी। जहां उसका शव पिछले दिनों फंदे पर लटका पाया गया था।
पुलिस ने उसके कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया था। पुलिस ने आरोपी पति कय्यूम व जेठ वसीम के खिलाफ केस दर्ज किया था। जीनत के बड़े भाई गोंडा के कोतवाली नगर क्षेत्र के राजा मोहल्ला निवासी इंजीनियर आरिफ परवेज ने बताया कि उनकी मां नासिरा की 12 साल पहले मौत हो गई थी।
तीन भाइयों में सबसे बड़े आरिफ, मझला आसिफ व छोटा शुएब है। तीन भाइयाें में सबसे छोटी स्वालिहा जीनत थी। मां की मौत के बाद पिता और तीनों भाइयों ने मिलकर उसे दुलार से पाला था।
बहन का निकाह सद्भावना चौराहे के पास रहने वाले इंजीनियर कय्यूम से किया था। दहेज में कार व नकदी के लिए बहन को प्रताड़ित करता था। आरोप है कि उसकी हत्या कर दी थी।