गोंडा। लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज के विज्ञान संकाय सभागार में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत वोकल फॉर लोकल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वाद-विवाद प्रतियोगिता भी हुई।
मुख्य वक्ता स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत पूर्णकालिक राजीव श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को स्वदेशी वस्तुएं अपनाने के लिए जागरूक करते हुए कहा कि स्वदेशी अपनाकर देश को समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश की आबादी के करीब दो प्रतिशत लोगों को ही सरकारी सेवा का अवसर मिलता है। ऐसे में युवाओं को अपना चिंतन बदलकर लघु और कुटीर उद्योगों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने कहा कि स्वदेशी का अर्थ केवल देश में बनी वस्तुओं को खरीदना ही नहीं, बल्कि स्थानीय संसाधनों, प्रतिभा, श्रम और उद्यम को प्राथमिकता देना है। सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का प्रयास करना चाहिए।
अभियान की संयोजक डॉ. रेखा शर्मा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय चिंतन पर प्रकाश डाला। वोकल फॉर लोकल विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता में पक्ष में मुस्कान शुक्ला, तृषा मिश्रा और साहिब बानो तथा विपक्ष में जगन्नाथ, सबा बानो और राजेश क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. संतोष श्रीवास्तव, डॉ. शिशिर त्रिपाठी और डॉ. शैलजा सिंह शामिल रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संजय कुमार ने किया।