गोंडा। नए शैक्षिक सत्र में जिले के 2,609 परिषदीय स्कूलों में अब किसी भी बच्चे के दाखिले में आधार कार्ड या जन्म प्रमाणपत्र बाधा नहीं बनेगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में अभिभावकों की ओर से दी गई स्व-घोषणा और सामान्य जानकारी के आधार पर ही नामांकन किया जाएगा। इससे कोई भी बच्चा केवल दस्तावेजों के अभाव में शिक्षा से वंचित नहीं रह जाएगा।
एक अप्रैल से स्कूल चलो अभियान शुरू हो रहा है, जो दो चरणों में चलेगा। पहला चरण एक से 15 अप्रैल तक और दूसरा चरण एक से 15 जुलाई तक संचालित होगा। अभियान का लक्ष्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और बच्चों की नियमित उपस्थिति बनाए रखना है। अभियान की सफलता के लिए आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, व शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेष रूप से बालिकाओं, दिव्यांग बच्चों, झुग्गी-झोपड़ी और ईंट-भट्ठों पर रहने वाले बच्चों के नामांकन पर फोकस रहेगा। इसके साथ ही ड्रॉपआउट और स्कूल से बाहर बच्चों को चिह्नित कर दोबारा शिक्षा से जोड़ने की कवायद भी तेज की जाएगी।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत सभी स्कूलों को नामांकन प्रक्रिया को सरल और बाधारहित बनाया गया है, ताकि हर बच्चा स्कूल से जुड़ सके।