गोंडा। पंचायतों में वर्ष 2022-23 के दौरान हुए खर्च का ब्योरा उपलब्ध न कराने को गंभीर अनियमितता मानते हुए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। लेखा परीक्षा विभाग की रिपोर्ट के आधार पर करीब पांच करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी के मामले में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जिले के 33 ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी किया है।
डीएम ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि संबंधित ग्राम पंचायतों में खर्च को लेकर लेखा परीक्षा में आपत्तियां दर्ज की गई थीं, लेकिन अब तक न तो अभिलेख प्रस्तुत किए गए और न ही संतोषजनक जवाब दिया गया। मामला विधानसभा की समिति तक पहुंच चुका है, जिसके बाद अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
विकास खंड बभनजोत, छपिया, करनैलगंज, तरबगंज, झंझरी, रुपईडीह, मुजेहना, कटरा बाजार, परसपुर, इटियाथोक, पंडरीकृपाल, मनकापुर और वजीरगंज समेत कई ब्लॉकों के 33 ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) और जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) को निर्देशित किया है कि वे सभी नोटिसों के अनुपालन की निगरानी करें और समयबद्ध जवाब उपलब्ध कराएं। लापरवाही या संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर आगे की कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।
इन प्रधानों जारी किया गया नोटिस
विकास खंड बभनजोत के ग्राम पंचायत अगया की प्रधान मंजू पांडेय, बक्सरिया ग्रंट के रामप्रकाश वर्मा, छपिया ब्लॉक के वीरापुर की प्रियंका देवी, करनैलगंज के कादीपुर के जयप्रकाश सिंह, करुवा की गुड़िया गोस्वामी, पिपरी की सुमन सिंह, विकास खंड तरबगंज के अकबरपुर की आरती मिश्रा, विकास खंड झंझरी के कुंदुरखा की रेखा, रुपईडीह ब्लॉक के पंचरुखी मनोहरजोत की मायावती, मुजेहना के पूरेसिधारी के सूर्य नारायण पांडेय, कटरा बाजार के कटुवा नाला के अंबरीश सिंह, रायपुर फकीर की कांती तिवारी, माधोपुर की मीरा देवी, परसपुर ब्लॉक के धनुही की सोनी पांडेय, इटियाथोक के पूरेहाड़ा की आशा देवी, दूल्हमपुर की ऊषा देवी, पृथ्वीपालगंज ग्रंट के विनोद कुमार, मध्यनगर के सभाजीत सिंह, श्रीनगर की अंजना द्विवेदी, बरडीहा के नजीम खान, सिंघवापुर के गंगाप्रसाद, सिसई बहलोलपुर की मंजू देवी, पंडरीकृपाल के तुर्काडीहा की गीता, मलारी की धूपा देवी, उकरा के संजय कुमार, तुलसीपुर कोंड़री की रंजना, कपिसा की स्मिता देवी, मनकापुर के सोठिया गांव के झिन्नू प्रसाद, गड़रही की अकालमती, बखरवा की ऊषा, तुर्काडीहा की आशा वर्मा, वजीरगंज ब्लॉक के गनेशपुर ग्रंट की निर्मला, चंदहा के प्रधान वीरेंद्र प्रताप सिंह शामिल हैं।