करनैलगंज/पसका/गौरा चौकी (गोंडा)। बिना मान्यता के संचालित मदरसों व स्कूलों के खिलाफ प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को शिक्षा विभाग की टीम ने छह मदरसे व पांच स्कूल बंद करा दिए।
बीईओ करनैलगंज नूतन जायसवाल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में मोहम्मदपुर कमियार में संचालित मदरसा अहले सुन्नत एज ए मुस्तफा व तीन स्कूलों को पुलिस, राजस्व और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बंद कराया।
बभनजोत के बीईओ महेंद्र कुमार ने बताया कि पांच मदरसों को बिना मान्यता के संचालित होने के कारण बंद करा दिया गया है। परसपुर के बीईओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को बहुवन मदार मांझा के शिवनरायन पुरवा में अवैध रूप से संचालित एसीएस पब्लिक स्कूल व चरसड़ी के ब्रम्हचारी चौराहा पर अवैध रूप से संचालित संत रविदास एजुकेशनल इंस्टीट्यूट को बिना मान्यता के अवैध रूप से कक्षाएं संचालित होने की सूचना पर निरीक्षण किया गया। मान्यता का कोई कागजात न होने के कारण अवैध रूप से संचालित दोनों विद्यालयों के बच्चों को घर भेजकर विद्यालयों में ताला लगवा दिया गया। (संवाद)