फोटो-1-गोंडा में नवाबगंज के उपडाकघर में अवैध वसूली के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण। -संवाद
- फोटो : GONDA
नवाबगंज (गोंडा)। कस्बे में स्थित उपडाकघर में आधार कार्ड बनाने में अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का गुस्सा देखकर आधार कार्ड बना रहे कंप्यूटर कर्मचारी अपने कमरे से भाग निकले। ग्रामीणों का आरोप है कि आधार बनाने के नाम पर अवैध वसूली की जाती है। कम पैसा देने वाले लोगों को प्रतिदिन दौड़ाने के बावजूद आधार नहीं बनाया जाता है। आरोप है कि डाक घर में आधार कार्ड बनाने के लिए प्रति व्यक्ति चार सौ से पांच सौ रुपये वसूला जा रहा है।
गुरुवार की सुबह से उप डाकघर में लाइन लगाए लोगों में से जब कुछ लोगों को लौटाया जाने लगा तो लोग आंदोलित हो गए। डाक घर के सामने हंगामा कर प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि नया आधार कार्ड नि:शुल्क बनना है तथा आधार कार्ड में संशोधन का पचास रुपया शुल्क निर्धारित है। ग्रामीणों का आरोप है कि डाक घर में नए तथा संशोधन दोनों में अतिरिक्त पैसा लेने के बावजूद काम हो पाता है।
आधार के लिए पांच रुपये की मांग
आधार कार्ड बनवाने आए वजीरगंज के रायपुर निवासी राम सुंदर मौर्या, मीरपुर युसुफ निवासी सूफिया, तुलसीपुर माझा निवासी भानु प्रताप यादव, महादेवा गांव निवासी किशोर जहां, नगवा की रीता तथा दत्तनगर गांव निवासी राज जनक यादव ने बताया कि सुबह से लाइन लगा कर खड़े होने के बाद आधार कार्ड नहीं बना। कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा पांच सौ रुपये की मांग की जा रही है। अतिरिक्त पैसे की मांग से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने हंगामा शुरू किया तो कर्मचारी कमरे से भाग निकले। (संवाद)
अतिरिक्त पैसे मांगने पर शिकायत करें
डाकपाल जीतेश श्रीवास्तव ने बताया कि अतिरिक्त पैसे के मांग की जानकारी नहीं है। आधार कार्ड बनाने के नाम पर अगर कोई अतिरिक्त पैसे की मांग करता है तो उनसे शिकायत करें। संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को आधार कार्ड बनवाने वालों की भीड़ बढ़ने से परेशानी हुई है। लोगों को समझा बुझाकर कर शांत करा दिया गया है।