गोंडा। उपभोक्ताओं के फोन कॉल नहीं उठाने वाले लाइनमैन, अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी समेत अन्य बिजलीकर्मियों पर अब कार्रवाई होगी। मुख्य अभियंता विद्युत वितरण क्षेत्र देवीपाटन यदुनाथ यथार्थ ने सभी अधिकारियों और लाइन स्टाफ को हर कॉल रिसीव करने के निर्देश दिए हैं। अपरिहार्य स्थिति में कॉल बैक करना अनिवार्य होगा।
मुख्य अभियंता ने बताया कि कुछ क्षेत्रों से बिजलीकर्मियों और अधिकारियों के फोन नहीं उठाने की शिकायतें मिल रही हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए चेतावनी दी गई है कि कॉल नहीं उठाने या शिकायत की अनदेखी करने पर विभागीय नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रीय लाइनमैन या अभियंता के फोन नहीं उठाने पर उपभोक्ता देवीपाटन जोन के कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए 8004916771 और 8004916772 नंबर जारी किए गए हैं।
मुख्य अभियंता ने कंट्रोल रूम कर्मचारियों को फोन नहीं उठाने संबंधी प्रत्येक शिकायत का नोट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अधीक्षण अभियंता संजय गुप्ता बनाए गए हैं। उनकी सहायता के लिए कार्यालय सहायक हर्ष कुमार सोनकर को नियुक्त किया गया है।