गोंडा। वृद्ध महिला के मकान पर कब्जा कराने के आरोप में एसपी ने महराजगंज चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, सिविल लाइंस चौकी के दो सिपाहियों को ड्यूटी के दौरान बैरक में सोने के आरोप में निलंबित किया गया है। एएसपी (पूर्वी) मनोज रावत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई हुई है। एसपी विनीत जायसवाल ने विभागीय कार्रवाई के आदेश भी दिए हैं।
कोतवाली नगर के महराजगंज की रहने वाली शरीफुन्ननिशा ने एसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया कि महराजगंज चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने पैसे लेकर उनके मकान पर कब्जा करा दिया। एसपी ने जांच कराई तो शिकायत सही मिली। इस पर चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, नगर कोतवाली क्षेत्र के रानीपुरवा के रहने वाले उदयराज यादव पंतनगर स्थित मकान में किराये पर रहते थे। 14 जून की रात हथियारों से लैस अज्ञात लोगों ने उनके घर में चोरी का प्रयास किया था। उदयराज यादव ने नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद एसपी से शिकायत दर्ज कराई थी कि पुलिस गश्त करने नहीं निकली। जिससे चोर उनके घर में घुस आए थे।
एसपी ने दूसरे दिन 15 जून को एएसपी (पूर्वी) मनोज कुमार रावत से जांच कराई। एएसपी पूर्वी ने कोबरा-7 मोबाइल को चेक किया तो उस पर तैनात सिविल लाइंस चौकी के सिपाही रमेश चंद्र श्रीवास्तव व उमेश कुमार पाल चौकी परिसर स्थित बैरक में सोते मिले। एसपी विनीत जायसवाल ने लापरवाही के आरोप में दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।