गोंडा। थाना क्षेत्र के ग्रामसभा बङ़नापुर के मजरे सेहियापुर में एक विवाहिता संदिग्ध हालात में गंभीर रूप से जल गई। परिजनों ने पति पर आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न करने पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया।
गंभीर हालत में विवाहिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पीड़िता के भाई ने तीनों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष उमरी बेगमगंज करुणाकर पांडे ने दहेज उत्पीड़न के साथ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
शनिवार को अयोध्या के थाना इनायतनगर निवासी मुकेश कुमार दुबे पुत्र पारसनाथ ने थाना उमरी बेगमगंज तहरीर देकर बताया कि 30 अप्रैल 2015 में अपनी बहन अर्चिता पाठक (29) की शादी क्षेत्र के ग्राम बङ़नापुर के मजरे सेहियापुर निवासी मनोज पाठक पुत्र धनलाल से की थी।
कुछ दिनों के बाद पति मनोज आएदिन उसकी बहन से दो लाख रुपये की मांग करता था। इसी बात पर अक्सर उसकी बहन से मारपीट करता था। शुक्रवार को इसी बात को लेकर फिर झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर मनोज ने अपने भाई सतीश व अपनी बहन के साथ मिलकर उसकी बहन के ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग के हवाले कर दिया।
जिससे वह बुरी तरह से झुलस गई। गंभीर दशा में उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अस्पताल में वह जीवन से जंग लड़ रही है। थानाध्यक्ष उमरी बेगमगंज करुणाकर पांडे ने बताया कि मामला संगीन है।