करनैलगंज। कटरा बाजार क्षेत्र की एक युवती ने गांव के ही एक युवक पर यौन शोषण करने और फिर उससे जन्मी बच्ची को जिंदा दफनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
युवती ने बताया कि युवक ने निकाह का झांसा देकर करीब तीन साल तक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर गर्भपात का दबाव बनाया। युवती द्वारा निकाह का दबाव बनाने पर आरोपी, उसकी मां, बहन और भाई उसे बहराइच के निजी अस्पताल ले गए। वहां उसने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। आरोप है कि जन्म के बाद विपक्षी बच्ची को जबरन छीन ले गए और उसे जिंदा दफन कर दिया। विरोध करने पर उसे पीटकर अस्पताल से भगा दिया गया। शिकायत करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। निरीक्षक अपराध मनोज पाठक ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। प्रार्थनापत्र मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।