तरबगंज (गोंडा)। तरबगंज नवाबगंज मार्ग पर मंगलवार को सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात ने कुचल दिया। युवक की मौके पर मौत हो गई। यह संयोग है कि उक्त युवक बीते एक माह में दो बड़ी दुर्घटनाओं का शिकार हुआ। इससे पहले वह ट्रेन से गिरकर घायल हो गया था।
तरबगंज-नवाबगंज मार्ग स्थित गौहानी ग्रामसभा के मजरा महंगी पुरवा निवासी श्रीराम यादव का एकलौता लड़का राहुल (20) मंगलवार भोर में शौच के लिए हाईवे पार कर रहा था। तभी नवाबगंज की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी। जिसमें राहुल को सिर पर गंभीर चोटें आईं, और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि राहुल 20 दिन पूर्व सूरत शहर से ट्रेन से घर वापस आ रहा था। कानपुर के पास ट्रेन से नीचे गिर गया था। जिसमें राहुल को चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
परिवार वालों ने राहुल को अयोध्या के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। अभी एक सप्ताह पूर्व वह अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर आया था। एक माह में मंगलवार को उसके साथ दूसरी दुर्घटना घटित हो गई। तरबगंज थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।