खरगूपुर (गोंडा)। खरगूपुर में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर सोमवार रात हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 81 लोगों को नामजद करते हुए 30 अज्ञात लोग शामिल हैं। पुलिस ने चेयरमैन समेत 25 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एहतियात के तौर पर चार सीओ समेत 12 थानाध्यक्ष खरगूपुर में कैंप कर रहे हैं।
नगर पंचायत के एक मोहल्ले के रहने वाले चाट दुकानदार रिक्की मोदनवाल ने सोमवार को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की थी। इससे आक्रोशित संप्रदाय विशेष के लोग नगर पंचायत अध्यक्ष लाल मोहम्मद के घर पहुंच गए। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष और उनके बेटे जहीर खां ने लोगों को उकसा दिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ रिक्की मोदलवाल के घर पहुंची और पथराव शुरू कर दिया। लोगों ने बोतलें भी फेंकीं। कस्बा चौकी प्रभारी भोला शंकर ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर उग्र भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस के वाहन में तोड़फोड़ भी की थी।
सूचना पर पुलिस फोर्स लेकर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने भीड़ खदेड़कर स्थिति संभाली थी। बाद में एसपी, एएसपी, एसडीएम सदर व चारों सर्किल के सीओ समेत 12 थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। मामले में चौकी प्रभारी भोलाशंकर ने सरकारी कर्मचारी पर हमले समेत विभिन्न धाराओं में चेयरमैन लाल मोहम्मद समेत 40 को नामजद करते हुए 15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जबकि, सोनू मोदनवाल ने लाल मोहम्मद समेत 40 लोगों को नामजद करते हुए 15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। चेयरमैन लाल मोहम्मद ने रिक्की मोदनवाल के खिलाफ उन्माद फैलाने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया है।
मंगलवार को नगर पंचायत में पुलिस वाहनों के सायरन व पुलिसकर्मियों के बूटों की आवाज से लोग सहमे रहे। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि हिंसा भड़काने के आरोपी चेयरमैन समेत 25 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
इन्हें भेजा गया जेल
पुलिस ने खरगूपुर के नगर पंचायत अध्यक्ष लाल मोहम्मद, रमजान, रहमान, लुकमान, शमशेर अली, मोहम्मद यूसुफ, तनवीर अली, तौकीर अली, मोहम्मद वारिस, यासीन, शाबिर, नक्के, अकरम, असलम, लियाकत, सिराज, ईमरान, मेराज, रहमत अली, रहमान, नूर आलम, नजीर, रिजवान, रमजान अली सहित 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पथराव में एसआई समेत पांच घायल
पथराव में थाना खरगूपुर के उपनिरीक्षक भोलाशंकर (35), रिक्की का चचेरा भाई सोनू मोदनवाल (28), सर्वेश पांडेय (17), विपिन मोदनवाल (20), दुर्गेश पांडेय (19) गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी घायलों का स्थानीय सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।