इटियाथोक (गोंडा)। इटियाथोक बलरामपुर मार्ग पर शुक्रवार की देर रात बाइक और कार की भिड़ंत में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय बलरामपुर भिजवाया है।
इटियाथोक-बलरामपुर मार्ग पर गांधी चबूतरा के गीता फार्म के पास बलरामपुर से इटियाथोक की ओर जा रही कार ने सामने से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को ठोकर मार दी। आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों ने अपना नाम भुलई चौहान (50) और बालकराम चौहान (38) निवासी उदय राज पुरवा कोतवाली देहात बलरामपुर बताया।
घटना के बाद कार में सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। घायलों को पुलिस चौकी भवानीपुर खुर्द के पुलिसकर्मियों ने इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय बलरामपुर भेजा है।