गोंडा। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चंदवतपुर-तिलका के केशवपुर पहड़वा घोसियाना मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर बुधवार से जिला पंचायत टिनशेड में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। जिलाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र अज्जू पंडित ने कहा कि जब तक अधिकारी लिखित आश्वासन नहीं देंगे तब तक अनशन चलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि सड़क कई वर्षों से क्षतिग्रस्त है। लोग खतरे के बीच आवागमन करते हैं। स्कूली बच्चों का भी आवागमन होता है। बुजुर्गों के साथ गर्भवती भी आती-जाती हैं लेकिन, सड़क बनवाने के लिए कोई भी आगे नहीं आ रहा है। दो वर्ष से आम आदमी पार्टी मांग कर रही है। इसके बावजूद सड़क निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधि व अधिकारी गंभीर नहीं हैं।
कोषाध्यक्ष आरके सिंह,उपाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह, सचिव नियाज अहमद खान, दिलीप सिंह, शिवम शर्मा ने भी विचार व्यक्त किया। इस दौरान बहराइच प्रभारी दिग्गज पांडेय, धनुष राम, जयप्रकाश यादव, मंजू देवी, विनोद कुमार, आनंद राव, मनीष पांडेय, अतीक अहमद सहित अन्य मौजूद रहे।