कटिया लगाते समय फिसला पैर, नहीं आता था तैरना, गहरे पानी में डूब गया
संवाद न्यूज एजेंसी
विश्नोहरपुर (गोंडा)। नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेमवा पुल के समीप सरयू नदी के तट पर शुुक्रवार दोपहर मछली पकड़ने आए चार युवकों में से एक का पैर कटिया लगाते समय फिसल गया। उसकी नदी के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाश में गोताखोरा को उतारा। दो घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने नदी से शव निकाल लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तरबगंज थाना क्षेत्र के सेझिया पंडित पुरवा गांव के रहने वाले चार युवक पिंटू, मनीष गौड़, रवि वर्मा व प्रशांत शुक्रवार की दोपहर नवाबगंज थाना क्षेत्र के ढेमवाघाट पुल के समीप मछली पकड़ने आए थे। मनीष ने बताया कि वह सभी मछली के लिए कंटिया लगा रहे थे। इसी दौरान पिंटू राजभर (28) पुत्र रामदरश का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। उसके डूबते ही साथियों ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। मगर तब तक वह गहरे पानी में डूब चुका था। मनीष के मुताबिक पिंटू काे तैरना नहीं आता था। युवक के डूबने की सूचना पर चौकी प्रभारी ढेमवाघाट अरुण कुुमार ने गोताखोरों को बुलाकर नदी में उतारा। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव को तलाश निकाला। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि शव कोे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
तरबगंज (गोंडा)। क्षेत्र के सेझिया पंडितपुरवा का रहने वाला पिंटू राजभर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इकलौते बेटे के मौत की खबर उनके घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। पिंटू की मां अशरफी देवी व पत्नी रोशनी का रो-रोकर हाल बेहाल है। पिंंटू के चचेरे भाई सत्येंद्र्र ने बताया कि उसकी एक साल पहले ही शादी हुई थी। मौत की सूचना पर परिवार के सभी लोग ढेमवाघाट के लिए रवाना हो गए हैं।