गोंडा। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 (ग्रुप-डी) कंप्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने जयनगर-लखनऊ जंक्शन के बीच गोंडा होकर एक जोड़ी अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन एक-एक फेरे के लिए संचालित होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 03203 जयनगर-लखनऊ जंक्शन अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन चार अगस्त को जयनगर से दोपहर तीन बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:30 बजे गोंडा पहुंचेगी और यहां से प्रस्थान कर सुबह 10:15 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में 03204 लखनऊ जंक्शन-जयनगर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन पांच अगस्त को लखनऊ जंक्शन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और दोपहर 3:10 बजे गोंडा पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा होते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार परीक्षा स्पेशल ट्रेन में सामान्य द्वितीय/शयनयान श्रेणी के 12 अनारक्षित कोच तथा एसएलआरडी के दो कोच सहित 14 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे।