रामजतन उर्फ नन्हें की फाइल फोटो व मामले की जानकारी लेती पुलिस। संवाद
नवाबगंज। नवाबगंज गिर्द के नौडिहवा मजरे में टेढ़ी नदी की बाढ़ के पानी में डूबने से 40 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। शुक्रवार दोपहर उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर पानी में उतराता मिला। इससे पहले बुधवार को भी बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक और बृहस्पतिवार को टेढ़ी नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो चुकी है।
नौडिहवा निवासी बाबूराम ने बताया कि उनका बेटा रामजतन उर्फ नन्हें (40) बृहस्पतिवार शाम घर से निकला था। देर रात तक नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
सीओ डॉ. यूपी सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाढ़ के पानी में डूबने से युवक की मौत की बात सामने आई है। घटना की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है। आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि तहसील के माध्यम से युवक के डूबने की सूचना मिली है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार अहेतुक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
चार भाइयों में बड़े थे रामजतन
रामजतन चार भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई रामबचन, विनोद और मनोज हैं। परिजनों के मुताबिक, रामजतन की पत्नी करीब 16 वर्ष पहले बच्चों को लेकर उसे छोड़कर चली गई थी। रामजतन की मौत से माता-पिता और भाइयों समेत अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर विधायक प्रतिनिधि वेदप्रकाश दूबे, संजय दूबे, राजस्व निरीक्षक परशुराम मिश्र और लेखपाल ओमप्रकाश वर्मा समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
सतर्कता बरतने की अपील
आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि बाढ़ का पानी घटने के बावजूद ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है। पानी भरे रास्तों, नदी और नालों को पार करने से बचना चाहिए। पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा न होने पर पैदल या किसी वाहन से उसमें जाने का जोखिम नहीं लेना चाहिए। बच्चों को भी बाढ़ प्रभावित इलाकों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रखने की जरूरत है।
रामजतन उर्फ नन्हें की फाइल फोटो व मामले की जानकारी लेती पुलिस। संवाद