करनैलगंज (गोंडा)। करनैलगंज में डेंगू तेजी से फैल रहा है। करीब एक दर्जन लोग डेंगू से पीड़ित हैं। जिनका इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। डेंगू के कहर को देखते हुए लोग दहशत में हैं। गैर सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक दर्जनों लोग डेंगू से बीमार हो चुके हैं। पिछले वर्ष भी डेंगू ने यहां कहर बरपाया था। अगर सरकारी अस्पताल की मानें तो अभी तक डेंगू की संख्या शून्य है। परंतु निजी अस्पताल डेंगू के मरीजों से खाली नहीं हैं। बहुत सारे लोग तो इसके भय से सीधे राजधानी का रुख कर रहे हैं।
नगर के गाड़ी बाजार में राजकुमारी पुरवार, राजू भट्ट की पत्नी, मुकेश पुरवार, विपिन जायसवाल, नितिन जायसवाल, वसीम अहमद तथा गांधी नगर में गुड्डू रस्तोगी की पत्नी व उनकी बहू सकरौरा में नन्द गोपाल वैश्य, बालूगंज में सोनू पुरवार की पत्नी, सेठ शिवकुमार पुरवार आदि लखनऊ के निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। डेंगू की दहशत में आये लोगों की मजबूरी का कुछ निजी पैथालॉजी खूब फायदा उठा रही हैं। डेंगू के टेस्ट के लिए ये लोग मनमाना रेट वसूल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इस संबंध में अवगत होते हुए भी इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। स्थानीय सीएचसी में डेंगू के टेस्ट का कोई इंतजाम नहीं है।
बस इसी का फायदा प्राइवेट लैब वाले उठा रहे है। स्थानीय सीएचसी के लैब टेक्नीशियन ने बताया कि यहां डेंगू के टेस्ट का इंतजाम नहीं है। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. एस चंद्रा के अनुसार काफी पहले से ही डेगूं व अन्य संचारी रोगों को लेकर सीएचसी अभियान चला रही है। सीएचसी में डेंगू वार्ड तो है पर दवा नहीं है। एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
फॉगिंग भी करायी जा चुकी है। एएनएम व आशा बहुओं के द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया गया है। टेमी फास दवा का छिड़काव भी कराया जा चुका है। इसके अलावा पोस्टर व पंफलेट भी वितरित करवाये गये हैं।