बलरामपुर-तुलसीपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार को सिसई गांव के पास रोडवेज व प्राइवेट बस की टक्कर में एक महिला यात्री की मौत हो गई तथा 13 लोग घायल हो गए। प्राइवेट बस के रुककर सवारी उतारते समये पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।
रोडवेज बस के चालक को हिरासत में ले लिया गया है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि शनिवार को प्राइवेट सवारी बस गौरा चौराहे से बलरामपुर आ रही थी। सिसई गांव के निकट प्राइवेट बस चालक बस रोककर सवारी उतार रहा था।
इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने प्राइवेट बस को टक्कर मार दी। हादसे में प्राइवेट बस में सवार दिनेश (60) निवासी चौखड़ा, रामतीरथ (65) निवासी ललिया, लक्ष्मी (35) व बेटी अंशू (2) निवासी सोनपुर, अंगनू (65) निवासी रमवापुर, गुड्डू (45) निवासी देवलहा, सुशील सिंह (50) निवासी बड़हरी त्रिलोकपुर, मंजू (50) निवासी चरनगहिया, रमा सिंह (50) निवासी गनपतपुर, तारा सिंह (32) निवासी देवलहा, अमित कुमार (50) निवासी मेजर चौराहा बलरामपुर, रक्षाराम (41) निवासी चकवा, आकाश (19) निवासी गौरा चौराहा घायल हो गए।
सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां इलाज के दौरान लक्ष्मी की मौत हो गई। दिनेश व अंशू की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में भर्ती होने वाले घायलों में दोनों बसों के यात्री शामिल हैं।
देहात थानाध्यक्ष नरेंद्र बहादुर यादव ने बताया कि दोनों बसों को कब्जे में ले लिया गया है। रोडवेज बस चालक को हिरासत में लिया गया है। जांच की जा रही है।