गोंडा। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने को लेकर तैयारियां रफ्तार पकड़ने लगी है। मंगलवार को प्रयागराज के राजकीय मुद्रणालय से चुनाव कराने के लिए 16 लाख से अधिक नामांकन पत्रों के साथ ही अन्य प्रपत्रों की आपूर्ति की गई है। इन प्रपत्रों से ही जिले में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के 17,927 पदों पर चुनाव कराया जाएगा।
मौजूदा वर्ष में 1,192 ग्राम प्रधान, 1,564 बीडीसी, 15,108 ग्राम पंचायत सदस्य और 63 जिला पंचायत सदस्य पदों पर चुनाव कराने के लिए जरूरी प्रक्रिया चल रही है। मतपेटिका व मतपत्र की पहले ही आपूर्ति हो चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग के स्तर से चुनाव कराने के लिए नामांकन पत्रों के साथ ही गणना प्रपत्र समेत अन्य जरूरी प्रपत्रों की आपूर्ति की गई। माना जा रहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग निर्धारित समय सीमा में चुनाव कराने के लिए अपनी सभी जरूरी तैयारियां कर रहा है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण ने बताया कि सभी चुनाव सामग्री को पुलिस की सुरक्षा में रखवाया गया है। इसके साथ ही डुप्लिकेट वोटरों की फीडिंग का काम चल रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से आगामी 16 मार्च तक फीडिंग प्रक्रिया की मियाद तय की है। अब तक 6.22 लाख मतदाताओं की जांच व फीडिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बाकी 3.80 लाख संभावित डुप्लिकेट मतदाताओं की फीडिंग की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के स्तर से सभी को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय सीमा में जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
चार सेट में दाखिल होगा नामांकन
कोई भी उम्मीदवार चार सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेगा। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से शुल्क निर्धारित किया गया है। ऐसे में ग्राम पंचायत सदस्य पद पर एक सेट नामांकन पत्र भरने के लिए 150 रुपये सरकारी खजाने में जमा कराना होगा। इसी तरह ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 300-300 रुपये व जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 500 रुपये शुल्क राशि का निर्धारण किया गया है।